बहजोई में मतगणना में लगे पुलिस कर्मियों को ब्रीफ करते पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र।
- फोटो : SAMBHAL
संभल/बहजोई। पुलिस और प्रशासन ने मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस, पीएसी और बीएसएफ मुस्तैद है। 200 मीटर का दायरा बिना पास के कोई पार नहीं कर पाएगा। इसके लिए स्पष्ट निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।
बुधवार को एसपी चक्रेश मिश्र ने ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि दस थानों की पुलिस फोर्स के साथ दो कंपनी पीएसी और दो कंपनी बीएसएफ की मतगणना के दौरान मुस्तैद रहेगी। साथ ही चार डिप्टी एसपी भी लगाए गए हैं।
एसपी ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ही शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना कराना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी दलों के प्रत्याशियों के साथ बैठक कर ली गई है और सहयोग का आग्रह किया गया है। मतगणना में हंगामा या गड़बड़ी करने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से निबटेगी।