संभल। असमोली थाना पुलिस ने अपहरण का ड्रामा रचने वाले युवक व उसके दोस्त के खिलाफ कार्रवाई की है। युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर परिवार से दो लाख रुपये पाने के लिए खुद के अपहरण का ड्रामा रचा था। सर्विलांस टीम की मदद से युवक को मुरादाबाद के बागड़पुर से बरामद कर लिया था। पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश की जानकारी दी। इसके बाद युवक के दोस्त को भी पकड़ लिया।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर डसर निवासी मेहराज पुत्र नवाब हसन बाइक मैकेनिक है। परिवार से दो लाख रुपये पाने के लिए शुक्रवार को खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच दी थी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने शुक्रवार शाम तक मुरादाबाद के बागड़पुर से युवक को बरामद कर लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो युवक ने बताया कि वह फिलहाल गांव के नजदीक बाइक मरम्मत की दुकान चलाता है। कोई दूसरा कारोबार करने के लिए दो लाख रुपये चाहिए थे। दोस्त के साथ मिलकर यह झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने युवक के दोस्त आलम को भी गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि युवक ने खुद ही अपने अपहरण का ड्रामा रचा था। दोस्त का सहयोग लिया था। भाई के नंबर पर भी खुद ही आवाज बदलकर बात की थी। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
युवक ने अपहरण का ड्रामा अपने दोस्त के साथ मिलकर किया था। पूछताछ में स्वीकार किया है। आरोपियों के खिलाफ झूठी सूचना देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल