संभल। असमोली के गांव रामनगर में अवैध संचालित हो रहे नर्सिंग होम के अपंजीकृत चिकित्सक व उसके स्टाफ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ अभद्रता की है। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। तहरीर दे कार्रवाई की मांग उठी। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। रविवार को दोपहर डेढ़ बजे करीब असमोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी संदीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रामनगर स्थित पाल नर्सिंग होम में पहुंचे थे।
वहां सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते हुए 50 से ज्यादा मरीज बैठे हुए थे। जब नर्सिंग होम संचालक अपंजीकृत चिकित्सक सुभाष पाल से दस्तावेज दिखाने को कहा तो उसने धमकाना शुरू कर दिया। जब कोरोना संक्रमण का हवाला दिया तो उसने कहा कि कोरोना कुछ नहीं है बस अफवाह है। चिकित्सक ने तहरीर में कहा है कि कोरोना काल को अनदेखा कर संक्रमण फैलाने का प्रयास है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अपंजीकृत चिकित्सक व उसके स्टाफ के खि लाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि लॉकडाउन उल्लंघन व चिकित्सक को धमकाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।