सांप्रदायिक सौहार्द को चोट पहुंचाने में सुदर्शन न्यूज चैनल के सीएमडी और कांग्रेस-भाजपा के स्थानीय नेता फंस गए हैं। कोतवाली संभल में भड़काऊ वीडियो बनाने और उनका प्रसारण करने के आरोप में इन पर सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एफआईआर में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने भड़काऊ वीडियो के प्रसारण का आरोप लगाया है। इसमें कांग्रेस के जिला महासचिव इतरत हुसैन बाबर को भी नामजद किया गया है जबकि बाबर पहले ही अपनी सफाई दे चुके हैं।
उनका कहना है कि चैनल के खिलाफ कार्रवाई की मांग उन्होंने की थी। वहीं बीजेपी नेता संजय सांख्यधर का भी नाम इसमें आया है। उन पर वीडियो का निर्माण कराने में स्थानीय स्तर पर सहयोग देने का आरोप लगा है।
एफआईआर में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया है कि यू-ट्यूब पर निजी टीवी चैनल की ओर से अपलोड वीडियो को बारीकी से देखा गया। इसमें निजी न्यूज चैनल के सीएमडी और एडीटर इन चीफ की ओर से दो संप्रदायों के बीच शत्रुता, घृणा फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले बयान दिए गए हैं। वहीं सप्ताह भर से लगातार ऐसे प्रसारण किए जा रहे हैं, जिससे अमनो-अमान को खतरा पैदा हुआ है। इन तथ्यों का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसको लेकर सोमवार को ही संभल के अपर पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय ने प्रेसवार्ता करके जानकारी दी। बताया कि निजी टीवी चैनल द्वारा लगातार भड़काऊ प्रसारण किए जा रहे थे। कोतवाली में शांति के लिए आयोजित बैठक में भी लोगों ने इस संबंध में शिकायत की थी जिसकी जांच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन गिरी से कराई गई थी। जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।
इसी संबंध में स्थानीय उलमाओं का प्रतिनिधिमंडल भी आज ही मिला था। एफआईआर में आईपीसी की धारा 153 ए (1), 505 (1), वी/295 ए एवं केबल टेलीविजन नेटवर्क 1955 की धारा 16 के तहत दर्ज की गई है।
अब इसकी विवेचना की जा रही है। वहीं एसपी रविशंकर छवि ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क है। भड़काऊ पोस्ट और प्रसारण पर ध्यान न दें। अगर ऐसी जानकारी मिलती है जिससे अमन को आंच आ सकती है तो उसके बारे में अवगत कराएं। प्रशासन एक्शन लेगा।
क्या बोले आरोपी
जब पुलिस पर पथराव हुआ तब मैंने तत्काल घटना की जानकारी एडीजी लॉ एंड आर्डर को फोन पर दी। शासन और प्रशासन को अवगत कराया। मेरे द्वारा जानकारी देने पर शासन ने कानून को हाथ में लेने वालों पर एक्शन लिया।
जहां तक टीवी चैनल में प्रसारण का सवाल है मैंने सिर्फ अपने विचार व्यक्त किए हैं। मेरा इससे अधिक कोई मतलब नहीं है। मैं यही कहना चाहूंगा कि अगर शांति व्यवस्था बनाए रखने वालों पर रिपोर्ट दर्ज होगी तो न्याय कैसे होगा? मैं चाहता हूं कि प्रशासन निष्पक्षता के साथ जांच करे क्योंकि यह प्रकरण शासन के संज्ञान में है। संजय सांख्यधर, बीजेपी नेता, संभल।
मेरे बयान को टीवी चैनल की ओर से तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। मैंने इस संबंध में टीवी प्रसारण देखने के बाद एसपी संभल को पत्र लिखकर अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया था। मैंने यह भी कहा था कि चैनल से प्रसारण रोका जाए।
न्यूज चैनल के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने के संबंध में कानूनी कार्रवाई की भी मांग की थी। साथ ही टीवी चैनल को ई-मेल करके गलत तरीके से बयान प्रसारित करने की शिकायत की थी। इतरत हुसैन बाबर, जिला महासचिव, कांग्रेस कमेटी संभल।
ये हैं नामजद
1-सुरेश चाह्वाण, सीएमडी, सुदर्शन न्यूज चैनल 2- इतरत हुसैन बाबर, जिला महासचिव कांग्रेस। एफआईआर के अंदर बीजेपी के स्थानीय नेता संजय सांख्यधर का नाम खोला गया है।