दुकानदार टीटू चौधरी हत्याकांड में पुलिस हत्यारोपियों के नजदीक पहुंच गई है। जल्द हत्या का खुलासा हो सकता है। घटना में करीबियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। जिनसे लगातार पूछताछ जारी है।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली के मोहल्ला मकुपुरा के दुकानदार टीटू चौधरी की मंगलवार रात ग्राहक बनकर आए तीन अज्ञात लोगों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने सामान खरीदने के बहाने दुकान खुलवाई थी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गए थे। मामले में मृतक के छोटे भाई अंकुश ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने परिजनों के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। मुख्य मार्ग के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। सर्विलांस टीम की मदद ली गई। मृतक के कॉल डिटेल समेत घटना के समय एक्टिव मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया गया है। अब पुलिस ने परिवार और रिश्तेदारों को संदेह के घेरे में लेते हुए जांच आगे बढ़ाई। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस को हत्या से संबंधित कुछ साक्ष्य मिले। एएसपी श्रीश्चंद्र ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम जुटी है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।