बहजोई। फर्जी आधार कार्ड बनवाकर आयु कम दर्शाकर बीमा की रकम हड़पने के मामले में पुलिस को गिरोह के सदस्यों की तलाश है। एएसपी ने बताया कि बीते दिनों पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए एक आरोपी की ओर से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर पिता की आयु 21 वर्ष कम दर्शा दी थी।
एएसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि आरोपी की मंशा थी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना में बुजुर्ग पिता की पॉलिसी कराकर रकम हड़प सके। इसको लेकर आरोपी की ओर से पिता की आयु कम दर्शाते हुए बीमा की पॉलिसी कराई गई थी। बैंक खाता खुलवाकर प्रीमियम की रकम भी जमा कर दी थी। मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने पर अब पुलिस फर्जी आधार कार्ड बनाकर आयु कम दर्शाने वाले गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
बीती छह मार्च को गिरफ्तार किए गए थाना धनारी के गांव भागनगर निवासी आरोपी विनोद की ओर से अपने पिता पंचम सिंह के दो फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अपने पिता की आयु 21 वर्ष कराई थी। इसमें एक आधार कार्ड में पंचम सिंह की जन्मतिथि 1 जनवरी 1955 दर्ज थी और दूसरे में 1 जुलाई 1976 थी। आरोपी की मंशा थी कि करीब 70 वर्षीय पिता पंचम सिंह की आयु 21 वर्ष कम दर्शाकर 49 वर्ष हो जाएगी और पिता की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना की पॉलिसी कराकर बाद में रकम हड़प लेगा। इसके लिए उसने 25 जुलाई 2024 को बैंक खाता खुलवाया था और पीएमजेजेवाई पॉलिसी के 436 रुपये प्रीमियम का भुगतान भी किया गया था। बावजूद इसके जानकारी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था।
- पुलिस अब फर्जी आधार कार्ड के माध्यम से आयु कम दर्शाने वाले गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही है। इनकी गिरफ्तारी के बाद फर्जी आधार कार्ड बनवाकर आयु कम दर्शाते हुए पॉलिसी की रकम हड़पने के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकेगा।- अनुकृति शर्मा, एएसपी, दक्षिणी, संभल।