चंदौसी। दुष्कर्म पीड़िता को जब पुलिस से न्याय नहीं मिला तो उसने चंदौसी न्यायालय में न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय ने करीब 14 माह बाद बनियाठेर पुलिस को घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसका परिवार करीब दो वर्ष पहले सराय सिकंदर निवासी रामफूल सिंह के ईंट भट्ठा पर कार्य करता था। भट्ठा मालिक पर मजदूरी के एक लाख रुपये थे। करीब डेढ़ साल पहले जब पीड़ित परिवार ने ईंट भट्ठा मालिक से पैसे मांगे तो उसने पैसे नहीं दिए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने ईंट भट्ठे से काम छोड़ दिया। आरोप है कि 31 जुलाई 2022 की रात ईंट भट्ठे के मालिक का बेटा पुष्पेंद्र और उसका साथी विशाल पीड़िता के घर पहुंचे। यहां उसके पति को पुकारते हुए घर में घुस आए।
आरोप है कि पीड़िता को अकेला देख आरोपियाें ने उसे बुरी नीयत से दबोच लिया। इसके बाद मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए और खींचकर कमरे में ले गए। यहां उसके साथ बारी बारी से दोनों ने दुष्कर्म किया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचते उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग गए थे। पीड़िता कार्रवाई के लिए बनियाठेर थाने पहुंची लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मजबूर होकर पीड़िता ने चंदौसी न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए बनियाठेर पुलिस को आरोपी पुष्पेंद्र और विशाल निवासी सराय सिकंदर के खिलाफ मारपीट और दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।