संभल। पशु तस्कर और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। इसमें एक पशु तस्कर की पैर में गोली लगी है जबकि तस्करों की फायरिंग के दौरान एक सिपाही के हाथ को गोली छूकर निकल गई। घायल तस्कर और सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि एक तस्कर पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। जिसकी काफी तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। मुठभेड़ की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ अरूण कुमार सिंह पहुंचे। मौका मुआयना किया। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शनिवार की दोपहर करीब ढाई बजे असमोली पुलिस को सूचना मिली कि गांव मंसूरपुर माफी के खेत खलिहानों में गोवंशीय पशुओं की हत्या की जाने की तैयारी है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर दबिश दी। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस टीम को देखते ही पशु तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पशु तस्करों की फायरिंग के दौरान असमोली थाने में तैनात सिपाही संजय घायल हो गया। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की तो गांव मंसूरपुर माफी निवासी सुहेल के पैर में गोली लगी। दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। जिसकी तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं आ सका।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह गोवंशीय पशुओं की हत्या करने की तैयारी कर रहे थे। मौके पर पुलिस टीम को दो गोवंशीय पशु, हत्या करने के लिए इस्तेेमाल होने वाले उपकरण, बाइक, तमंचा और कारतूस मिले हैं। पुलिस ने जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की है। भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।