संभल। शराब पिलाकर नशा होने के बाद ई-रिक्शा चोरी कर ले जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच ई-रिक्शा समेत दो तमंचे, चार कारतूस, दो खोखे और नशे की गोलियां बरामद की हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने प्रेसवार्ता कर वारदात का खुलासा किया है।
शुक्रवार को एसपी दफ्तर पर हुई प्रेसवार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 19 सितंबर को पवांसा के निकट से दोनों आरोपी दो ई-रिक्शा उस वक्त चोरी कर ले गए थे, जब दोनों चालकों को शराब का नशा हो गया था। घटना को लेकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने सूचना के आधार पर साकिन शोभापुर खालसा से मिलक की ओर से जाने वाले कच्चे रास्ते पर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कोतवाली लाकर पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम समीर निवासी कस्बा बुगरासी थाना नरसेना जिला बुलंदशहर व अशरफ निवासी गांव नंदौली थाना निहोला जिला लखनऊ हाल पता कांशीराम कालोनी थाना हयातनगर बताए। सीओ ने बताया कि आरोपियों के पास से पांच ई-रिक्शा समेत 2 तमंचे 315 बोर, चार कारतूस, दो खोखे समेत 12 पत्ते नशे की गोलियां के बरामद किए गए हैं।
इनसेट-
आसपास के जिलों से ई-रिक्शा चोरी करते थे आरोपी
बहजोई। सीओ के मुुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अमरोहा, बुलंदशहर व हापुड़ आदि जिलों से ई-रिक्शा किराए पर तय करते है। सफर के दौरान चालकों को शराब पिलाकर नशा होने के बाद ई-रिक्शा लेकर फरार हो जाते हैं। आरोपी पांचों ई-रिक्शा बेचने के लिए संभल जा रहे थे।