संभल। विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या की गई थी। यह हत्या महिला के पति और देवर ने की थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी भागे हुए थे। पुलिस ने महिला के पति को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। जिसे जेल भेजा है। वहीं दूसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
शनिवार को रजपुरा थाना पुलिस ने महाराजा होटल के नजदीक से मुखबिर की सूचना पर जिला बुलंदशहर के थाना अनूपशहर अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी टेक चंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पत्नी के प्रेमी की हत्या पीट पीट कर की थी। इस हत्या में आरोपी का भाई भी शामिल था। मालूम हो रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव चाऊपुर डांडा निवासी नेकपाल सिंह (35) पुत्र पन्ना लाल की प्रेम प्रसंग के चलते दो जून की रात को पीट पीट कर हत्या कर दी थी। यह वारदात तब हुई थी जब नेकपाल गांव सिसौना डांडा के खेत खलिहानों में अपनी फसल की रखवाली कर रहा था।
मृतक के भाई पप्पू ने प्रेम प्रसंग की बात कहकर महिला के पति और उसके भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं आए। अब मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी की गई है। पुलिस को आरोपी ने बताया कि नेकपाल के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। जिनका वह बार बार विरोध करता था लेकिन नेकपाल मान नहीं रहा था। इसी बात से गुस्सा होकर डंडों से पिटाई की थी। जिसमें नेकपाल की मौत हो गई। रजपुरा इंस्पेक्टर विद्युत गोयल ने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।