चंदौसी (संभल)। असालतपुर जारई स्थित निजी वेयर हाउस से खाद लूट के मामले में पुलिस आरोपियों के काफी करीब है। जल्द ही पुलिस खाद लूट का खुलासा करने की बात कह रही है। हालांकि सोमवार को कोतवाली के बाहर एक खाद लदा कैंटर खड़ा दिखा। खाद लूट के खुलासे की खबर फैली तो पुलिस ने कैंटर को वहां से हटा दिया और अभी मामले की जांच करने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र में असालतपुर जारई से आगे वर्धमान वेयर हाउस में बदमाशों ने रात को चौकीदार व गार्ड को बंधक बनाकर 534 एनपीके खाद के बोरे लूटकर कैंटर में भर कर ले गए थे। मामले में पुलिस ने वेयर हाउस के मालिक की ओर से चोरी में मामला दर्ज किया था। एसपी ने मामले में सर्विलांस टीम, एसओसी सहित अन्य टीमों को लगाया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया था कि बदमाश खाद के बोरे कैंटर में भर कर ले गए थे। उसका एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा था। पुलिस कैंटर तक पहुंच गई। उसे लूटे गए कुछ कट्टों के साथ पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक बदमाश खाद को पड़ोसी जनपद रामपुर लेकर पहुंचे थे। वहीं पर खाद को खपाया गया है। पुलिस सोमवार को कैंटर लेकर चंदौसी पहुंची और कोतवाली के बाहर खड़ा कर दिया। उसमें कुछ खाद के बोरे भी थे। फिलहाल पुलिस ने अभी मामले का खुलासा नहीं किया है।
-
अभी मामले की जांच की रही है। कैंटर बरामद नहीं हुआ है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। पुलिस बदमाशों के काफी करीब है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। -अतर सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंदौसी।