बहजोई (संभल)। क्षेत्र के गांव लहरावन निवासी देवेंद्र कुमार को कार से टक्कर मारकर भागने वाले दरोगा के खिलाफ पुलिस ने घायल किसान के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी दरोगा किस थाने में तैनात है।
रविवार की शाम पांच बजे थाना क्षेत्र के गांव लहरावन निवासी देवेंद्र कुमार खेत से घर आ रहे थे। इसी दौरान गांव के पास बहजोई की ओर से चंदौसी जा रहे कार सवार दरोगा सुशील कुमार रस्तोगी ने कार से टक्कर मार दी। जिससे देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ग्रामीणों ने दरोगा को मौके पर ही रोक लिया था। जिसके बाद आरोपी दरोगा किसान को अस्पताल पहुंचाने की जगह अपना मोबाइल नंबर देकर भाग। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को घायल किसान के प्रवीन कुमार ने तहरीर में आरोपी दरोगा का बैच नंबर और गाड़ी नंबर भी अंकित किया है। इसके आधार पर ही हादसा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दरोगा ने बताया था कि वह अलीगढ़ से ट्रांसफर होकर बहजोई के लिए आया है। बहजोई सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की छानबीन की जा रही है। इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।