बहजोई(संभल)। बहजोई पुलिस ने 40 लाख रुपये की शराब व अवैध तमंचा समेत शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले में एसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बहजोई कोतवाली प्रभारी रवींद्र प्रताप सिंह ने मय पुलिस टीम व एसओजी की मदद से चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक में रखी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 510 पेटी बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कोतवाली लाकर पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम सुदेश उर्फ रोहित निवासी गांव ततारपुर थाना बछरायूं जिला अमरोहा बताया। ट्रक में 40 लाख रुपये की कीमत की अवैध शराब की 510 पेटियों में रखीं 15840 बोतलें थीं। इसके अलावा आरोपी के पास से एक तमंचा 315 बोर व दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले ट्रक पर ड्राइवर का काम करता था। इससे उसका हरियाणा आना-जाना रहता था। बीते दिनों एक ट्रक भी खरीदा था, जिसमें लकड़ी व अन्य वस्तुएं हरियाणा समेत दूसरे शहरों से लाता था। वह अपने अन्य दो साथियों की मदद से अवैध शराब लकड़ियों के भीतर छुपाकर लाते थे और उसे बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते थे। एसपी के मुताबिक दो फरार आरोपियों में अरुण निवासी गांव तेलीपुरा थाना छजलैट जिला मुरादाबाद तथा एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी सुदेश के खिलाफ जिला सहारनपुर के थाना सरसावा में आबकारी अधिनियम का एक मामला पहले से ही दर्ज है। गिरफ्तारी टीम में सर्विलांस प्रभारी सुंदरलाल व स्वाट प्रभारी मनोज वर्मा, एसएसआई धीरेंद्र गंगवार, एसआई संदीप वालियान, कांस्टेबिल विकास, हरिओम, मानवीर, नवनीत, कुलवंत, राहुल, पंकज, रजनीश, कुलदीप, आयुष शामिल रहे।