संभल जिले के बहजोई में दूध डेयरी कर्मचारी की हत्या के बाद विलाप करते परिजन। अमर उजाला
बहजोई की मधुसूदन डेयरी में सोमवार को तड़के यहां कार्यरत कर्मचारी का शव फर्श पर पड़ा मिला। इस दौरान उसका शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजनों ने डेयरी के प्रबंधक आदि पर कर्मचारी को जहर देकर छत से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है। भाई की तहरीर पर डेयरी प्रबंध निदेशक, प्रबंधक समेत दस लोगों के खिलाफ हत्या क ी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बाद में परिजनों ने हंगामा किया और जाम लगाने की कोशिश, लेकिन इसी समय उधर से गुजर रहे डीएम ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया।
बुलंदशहर जिले के अरनिया खुर्द थाना क्षेत्र के नगर गांव निवासी अरविंद राघव (28) पुत्र रविंद्र सिंह राघव की शादी एक पखवाड़ा पहले ही 29 अप्रैल को ही हुई थी। वह शादी के बाद आठ मई को अपने घर से बहजोई डेयरी लौटा था। रविवार की रात सभी कर्मचारी गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे, लेकिन सोमवार को तड़के अरविंद राघव का शव जमीन में पड़ा मिला। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। भाई उदयवीर सिंह राघव ने बताया कि अरविंद राघव का शरीर नीला पड़ा था। उसे पहले जहर देकर मारने के बाद छत से फेंक दिया गया है।
मृतक के भाई की तहरीर पर बहजोई थाने में डेयरी के प्रबंधक निदेशक अमित गुप्ता, यूनिट प्रबंधक विकास तोमर, परमात्मा सरन, तेजबली राय, ओमवीर सिंह, गुरुविंदर, चंद्रबोस, शशि कपूर, जयदीप, हरजीत कुल दस लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।