संभल। ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम के महोत्सव में शुक्रवार की रात कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। अतिथियों ने दीप जलाकर कवि सम्मेलन की शुरुआत की। कवियों ने समा बांध दिया। हास्य कवियों को सुनकर भी लोग लोटपोट हो गए। विख्यात कवियित्री डाॅ. अनामिका जैन अंबर ने कई कविताओं के पाठ किए। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन कर रहे वीर रस के कवि सौरभ जैन ने लोगों को अंत तक कार्यक्रम में अपने शब्दों से बांधे रखा।
हास्य कवि हेमंत पांडेय ने सुनाया पाकिस्तान तुमको तो हम तीली फेंक के मारेंगे। सरदार प्रताप फौजदार ने भी अपनी हास्य कविताओं से लोटपोट कर दिया। राधिका मित्तल ने सुनाया राम सत्य साधना है। मोहब्बत से दिलों को जीतना भी एक इबादत है। इनके अलावा कवि डॉ. कुंवर जावेद, गौरव चौहान ने भी प्रस्तुति दी। देर रात तक चले कवि सम्मेलन में काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, योगेंद्र त्यागी, खिलेंद्र सिंह, अशोक कृष्णम, सुरेंद्र सिंह, राजेश कुमार, दिनेश जाटव आदि मौजूद रहे।
कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
कल्कि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। इस दौरान कलाकारों ने अलग अलग विषय पर प्रस्तुति दी। जय कल्कि के जयकारे भी गूंजे। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।