बबराला(संभल)। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर सोमवार की देर रात ट्रक और पिकअप की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज कस्बा में नई बस्ती निवासी इमरान हुसैन (36) की मौत हो गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने परिजनों को फोन से हादसे की सूचना दी। इस मामले में मृतक के परिजन की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज कस्बा में नई बस्ती निवासी इमरान हुसैन पिकअप गाड़ी से बहजोई-बबराला होते हुए दिल्ली जा रहा था, तभी बबराला थाना क्षेत्र के कैल गांव के पास आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर सोमवार की मध्य रात्रि लगभग 12:30 बजे बबराला की ओर से आ रहे ट्रक व पिकअप की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें पिकअप चालक इमरान हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया, ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने ट्रक व पिकअप को हाईवे से हटवाकर वाहनों का आवागमन सुचारु कराया और घायल पिकअप चालक को एंबुलेंस की मदद से गुन्नौर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा दी गई सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। ट्रक चालक के खिलाफ परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर बबराला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव काे पोस्टमार्टम को भेजा गया है।