देखिए पेट्रोल पंप पर कैसे होती है तेल की चोरी
चिप के जरिये लखनऊ में पेट्रोल-डीजल की चोरी का खुलासा होने पर जिले में अधिकारियों की नींद टूटी है। इसको लेकर शनिवार को वरिष्ठ निरीक्षक बाट माप ने जिलेभर के तीन पेट्रोल पंपों पर माप की।
इस दौरान जुनावई के एक पंप पर पांच लीटर की माप कराने पर 10 मिली लीटर पेट्रोल कम मिला, हालांकि निरीक्षक बोले- पेट्रोल उड़ता है। इसलिए 20 मिली लीटर तक पेट्रोल कम मिलना गलत नहीं है।
सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान मुरादाबाद के निर्देश पर चंदौसी के वरिष्ठ निरीक्षक बाट माप जीपी द्विवेदी ने जुनावई क्षेत्र के गांव दुबारी कलां में किसान फीलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप पर छापा मारा।
यहां उन्होंने मैनेजर कोकब मियां की निगरानी में पांच लीटर की माप से डीजल की माप कराई, जो सही निकली। वहीं पेट्रोल 10 मिली लीटर कम मिला। इस पर द्विवेदी ने कहा कि, पेट्रोल की माप करते समय लगभग 20 मिली लीटर पेट्रोल हवा में उड़ जाती है।
इसलिए 20 मिली लीटर कम मात्रा में पेट्रोल मिलने पर यह पांच लीटर मान ली जाएगी। इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है। बताया कि, बहजोई में राकेश आयल और चंदौसी में मेहंदी रत्ता ऑटो को भी चेक किया गया है।