चंदौसी(संभल)।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर देश के खिलाफ बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से सीजेएम कोर्ट (एमपी एमएलए कोर्ट) में याचिका दायर की गई है। याचिका में राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को चंदौसी में याचिका दायर करने के बाद हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने बताया कि 15 जनवरी को हुए कांग्रेस पार्टी के नए कार्यालय के उद्घाटन के समय सांसद राहुल गांधी ने बयानबाजी करते हुए कहा कि था कि हमारी लड़ाई बीजेपी-आरएसएस से नहीं है, इंडियन स्टेट से है। इससे देश के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। यह देशद्रोह है। इसके चलते जिला संभल के सीजेएम कोर्ट (एमपी एमएलए कोर्ट) में वाद दायर किया गया है। मांग की गई है कि राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर जेल भेजा जाए। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने 18 जनवरी को मुख्य सचिव व डीजीपी समेत संभल के डीएम व एसपी को भी डाक व ई-मेल के माध्यम से प्रार्थनापत्र भेजकर सांसद राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है।