कुढ़फतेहगढ़। थाना कुढ़फतेहगढ़ के बिचैटा चौराहे पर पर रविवार की सुबह आठ बजे करीब उस समय हंगामा हो गया, जब चौराहे पर खड़ी एक पिकअप से खून टपक रहा था और दुर्गंध आने से गोवंशीय पशुओं का मीट होने के शक में हिंदू संगठन पहुंच गए। हिंदू संगठनों की पिकअप सवार लोगों व मौके पर पहुंची पुलिस से नोकझोंक हुई।
छानबीन करने पर पिकअप में मुर्गे के अवशेष पाए गए। इस मामले में पुलिस ने अवशेषों को जंगल में गड्ढे में दबवा कर पिकअप को सीज कर दिया और तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर थाने से जमानत दे दी।
रविवार की सुबह आठ बजे करीब चंदौसी की ओर से आ रही एक पिकअप का टायर फट गया। जिससे चालक ने गाड़ी वहीं रोक दी। गाड़ी से काफी मात्रा में खून टपक रहा था और दुर्गंध आ रही थी।
सूचना पाकर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामनरेश यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप चौहान, सुमित कुमार सिंह, गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष लकी मिश्रा समेत बजरंग दल जिला संयोजक नितिन शर्मा आदि मौके पर पहुंच गए ओर गाड़ी में रखे ड्रमों में गोवंशीय मांस होने का शक जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस व पिकअप सवार लोगों से नोकझोंक हुई। पुलिस ने पशु चिकित्सालय के डॉ. अजय कुमार को बुला कर जांच कराई तो ड्रमों में मुर्गे, मछली के अवशेष पाए गए।
पुलिस ने दूसरे वाहन से अवशेषों को जंगल में जेसीबी से एक गड्ढा खोद कर दबा दिया। पिकअप के कागजात न होने पर सीज कर दिया। पुलिस ने पिकअप चालक पुष्पेंद्र समेत सुदेश व अजय निवासी पुरेनिया खुर्द तहसील मिलक जिला रामपुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
तीनों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों को थाने से जमानत पर छोड़ दिया। थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि गाड़ी को सीज किया गया है।