संभल। नगर पालिका क्षेत्र के तुर्तीपुर इल्हा में लोग जलभराव से परेशान हैं। घरों में पानी भर जाता है। लोग लगातार नगर पालिका से शिकायत करने का दावा कर रहे हैं लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा। लोगों का कहना है कि बरसात में समस्या ज्यादा गंभीर हो जाएगी। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के चलते यह समस्या बनी है।
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 में स्थित मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में करीब 100 परिवार रहते हैं। इस मोहल्ले में आबादी हुए तो करीब डेढ़ दशक का समय बीत गया है, लेकिन सुविधाएं अभी शहरी क्षेत्र की नहीं मिल पा रही हैं। ज्यादातर घरों में तालाबों का पानी भर जाता है। लोग बरसात के मौसम में घर तक छोड़कर चले जाते हैं। लोगों द्वारा काफी मांग करने पर नगर पालिका की ओर से सड़क का निर्माण शुरू कराया गया, लेकिन ठेकेदार कार्य अधूरा छोड़ कर चला गया। जो सड़क बनी थी वह भी टूट गई है। सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए मुश्किल का सबब है।
------------------------
मोहल्ले में पानी निकासी की समस्या पुरानी है। दुर्गंध के कारण बाहर भी नहीं निकल सकते। गंदे पानी में मच्छर भी पनप रहे हैं। इससे बीमारी फैलने का खतरा है।
कल्ल, निवासी मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा
-------------------
घर में रहना मुश्किल है। सड़क नहीं बनने से घरों का सारा पानी यहां एकत्र हो जाता है। आस पास भरे गंदे पानी से दुर्गंध उठती रहती है। घर के अंदर रहना मुश्किल हो गया है।
शकील, निवासी मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा
-------------------
घरों के आसपास जलभराव होने के कारण बच्चे बाहर खेलने नहीं जाते हैं। गंदे पानी से संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। कीड़े मकोड़ों का भी डर लगा रहता है।
शरीफ, निवासी मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा
--------------------
नगर पालिका द्वारा छह महीने पहले डलवाई गई सड़क निर्माण के आठ दिन बाद ही खराब हो गई। रात के समय निकलने में डर लगा रहता है। शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।
शानू, निवासी मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा
--------------------