चंदौसी। बुधवार को हुई बारिश का पानी कई जगह उखड़ी सड़कों पर भर गया, लेकिन दूसरे दिन भी नहीं उतरा। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोग पालिका की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए।
बता दें कि बुधवार को दिन भर हुई बारिश से जहां एक ओर मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। वहीं सीता रोड, मालगोदाम रोड की उखड़ी सड़क के गड्ढों में बारिश का पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। पानी में गड्ढे नजर नहीं आ रहे थे। आलम ये है कि सीता रोड पर मूंछों वाले मंदिर से श्मशान घाट तक सड़क में काफी गड्ढे हो गए हैं। इसमें बुधवार को हुई बारिश का पानी भरने से लोगों को दिक्कत हुई।
इतना ही नहीं बृहस्पतिवार को भी सड़क पर जमा पानी नहीं उतरा। जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों व अन्य लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय के प्रतिनिधि अखिलेश कुमार खिलाड़ी ने बताया कि सीता रोड पर नाला निर्माण चल रहा है। नाला निर्माण पूरा होने पर सड़क का निर्माण कराया जाएगा।