चंदौसी। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के मंडलीय उपाध्यक्ष एससी दुबे ने कहा कि न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये नहीं की गई तो देश भर के पेंशनर पांच अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।
रविवार को राष्ट्रीय संघर्ष समिति की रोडवेज बस स्टैंड परिसर में आयोजित बैठक में एससी दुबे ने कहा कि नौ साल से यह मांग की जा रही है लेकिन अभी तक सरकार ने निर्णय नहीं लिया। इसीलिए अब आंदोलन की राह चुनी गई है। उन्होंने कहा कि 30-35 वर्ष तक सेवा के दौरान नियमित अंशदान करने के बावजूद तमाम सेवानिवृत्त कर्मचारियों को औसतन 1,171 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है, जो सम्मानजनक जीवन-यापन के लिए पर्याप्त नहीं है।
इसीलिए समिति ने न्यूनतम 7,500 रुपये मासिक पेंशन, महंगाई भत्ता, पेंशनर दंपती को निशुल्क चिकित्सा सुविधा की मांग की है। यदि सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो नई दिल्ली के जंतर-मंतर में एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर देश के विभिन्न हिस्सों में आंदोलन करते हुए राजधानी दिल्ली में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता आरसी त्रिवेदी ने की। संचालन मो. इकबाल ने किया।