सिरसी। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर स्थित रोडवेज बस अड्डे के सार्वजनिक शौचालय में रविवार को एक व्यक्ति दो घंटे तक बंद रहा। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। नैनीताल का एक व्यक्ति शौच के लिए शौचालय के अंदर गया था। कर्मचारी बिना जांच किए बाहर से ताला लगाकर चला गया।
अंदर फंसे व्यक्ति ने शोर मचाया और दरवाजा खटखटाया। राहगीरों ने आवाज सुनकर नगर पंचायत कार्यालय को सूचना दी। करीब दो घंटे बाद शौचालय का ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। राहगीरों ने बताया कि यह तीसरी या चौथी ऐसी घटना है। सार्वजनिक शौचालय पूरे समय नहीं खुलता, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी असुविधा होती है। खासकर महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।संवाद