चंदौसी(संभल)। परिषदीय विद्यालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शासन ने अहम कदम उठाया है। अब सभी परिषदीय विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल पर एक टोल फ्री नंबर अंकित कराया जाएगा। इस टोल फ्री नंबर पर छात्र-छात्राएं, अभिभावक और आमजन विद्यालय से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के एक हजार से ज्यादा प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय है। इन विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति, देर से पहुंचने, स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही और रखरखाव संबंधी शिकायतें आए दिन विभाग को प्राप्त होती है। इन शिकायतों संज्ञान लेते हुए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800-889-3277 जारी किया है। यह नंबर विद्यालय की दीवारों के अंदर और बाहर दोनों ओर स्पष्ट रूप से लिखा जाएगा।
इसके अलावा विद्यालयों की दीवारों पर यातायात के सामान्य नियम भी लिखवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों में यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। बीईओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि पहले से भी कई स्कूलों की दीवारों पर टोल फ्री नंबर और यातायात नियम अंकित हैं। बाकि, जिन विद्यालयों में ऐसा नहीं है। उन्हें निर्देश दिए गए है।