बबराला(संभल)। थाना क्षेत्र के गंगा घाट राजघाट पर शरद पूर्णिमा के दूसरे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही गंगा घाट पर आस्था का सैलाब दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि पूर्णिमा की चांदनी रात में घाटों पर विशेष पूजा-अर्चना, दीपदान और भजन-कीर्तन का विशेष महत्व माना जाता हैं गंगा तट पर महिलाओं ने व्रत रखकर चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया।
गंगा घाट राजघाट पर बबराला थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बबराला पुलिस चौकी इंचार्ज बृजपाल व पीएसी के साथ कमान संभाली गई। गंगा घाट राजघाट से दो किलोमीटर पहले ही बड़े वाहनों को योग पार्क में पार्किंग कराया गया। जबकि गंगा घाट पर स्थानीय गोताखोरों ने विशेष रूप से नजर रखी।
गंगा घाट राजघाट के महंत मौनी बाबा ने बताया कि शरद पूर्णिमा की रात वर्ष की सबसे उज्ज्वल व पवित्र रात होती है, जिसमें गंगा स्नान और चंद्र दर्शन का विशेष महत्व माना गया है। इस मौके पर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, बबराला चौकी प्रभारी ब्रजपाल, एस आई जयवीर सिंह, महिला कांस्टेबल रेनू समेत आदि मौजूद रहे।