मुरादाबाद। शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही नगर निगम ने शहरवासियों के लिए एक नई पहल की है। इस बार पूजा-अर्चना में प्रयोग होने वाले पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ पंचगव्य से बने दीये, धूपबत्तियां, घी और दही भी आसानी से उपलब्ध होंगे। इन उत्पादों के स्टॉल काली मंदिर और पंचायत भवन परिसर में लगाए गए हैं। यहां से श्रद्धालु इन्हें सीधे खरीद सकते हैं।
निगम के अधिकारियों के अनुसार पंचगव्य उत्पादों का प्रयोग न केवल धार्मिक दृष्टि से शुभ है बल्कि घरों के वास्तु दोष को दूर करने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में भी सहायक माना जाता है। विशेषकर नवरात्र के दिनों में पंचगव्य से बने दीयों और धूपबत्तियों का प्रयोग मां दुर्गा की उपासना को और अधिक पवित्र व फलदायी बनाता है।
कान्हा गोशाला में तैयार किए गए ये उत्पाद पूरी तरह प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल हैं। गोबर से बने दीये जलने के बाद प्रदूषण नहीं फैलाते बल्कि वातावरण को शुद्ध करने का काम करते हैं। आयुर्वेद में पंचगव्य (गोबर, गोमूत्र, दूध, दही और घी) के औषधीय महत्व को भी रेखांकित किया गया है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि नवरात्र के अवसर पर स्थानीय स्तर पर बने इन पंचगव्य उत्पादों का अधिक से अधिक प्रयोग करें। उनका कहना है कि इससे न केवल पूजा-अर्चना का महत्व बढ़ेगा बल्कि गोशाला और स्थानीय उत्पादकों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।