संभल। जिले के तीन सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में सर्वर ठप होने से बुधवार को 100 से अधिक रजिस्ट्री और अन्य दस्तावेजों का पंजीकरण नहीं हो सका। दोपहर 12 से शाम चार बजे तक लोग सर्वर शुरू होने का इंतजार करते रहे। घंटों इंतजार करने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं होने पर क्रेता, विक्रेता और गवाह मायूस होकर वापस लौट गए। उन्हें अब बृहस्पतिवार का स्लॉट दिया गया है। यह स्थिति मंगलवार से बनी है। इस क्रेता-विक्रेता परेशान हैं।
वर्तमान समय में रजिस्ट्री प्रक्रिया ऑनलाइन है। स्लॉट बुकिंग के बाद ही जमीन, मकान, दुकान की रजिस्ट्री, पॉवर ऑफ अटॉर्नी पंजीकृत होती है। पक्षकार और गवाहों की बायोमीट्रिक व आयरिस स्कैनिंग के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट की जरूरत होती है। दस्तावेज भी सर्वर पर ऑनलाइन दर्ज किए जाते हैं। संभल, चंदौसी और गुन्नौर में स्थित उप निबंधक कार्यालयों में प्रतिदिन 150-200 से अधिक रजिस्ट्री होती हैं।
मंगलवार सुबह 10 से 11 बजे तक रजिस्ट्री सर्वर पर स्लॉट तो बुक हुए लेकिन पंजीकरण के लिए दोपहर 12 बजे के बाद सर्वर नहीं चला। बुधवार को भी पूरे दिन इसी तरह की स्थिति बनी रही। सब रजिस्ट्रार कार्यालय में दिन भर पक्षकार जमीन पर बैठकर सर्वर शुरू होने का इंतजार करते रहे। शाम 4 बजे तक सर्वर शुरू नहीं हो सका। इस वजह से 50 से अधिक पक्षकार मायूस होकर लौट गए। उन्हें अब बृहस्पतिवार का समय दिया गया है। संभल के रजिस्ट्रार अमित कुमार सिंह ने बताया कि सर्वर की समस्या प्रदेशभर में रही है। इसी वजह से बैनामा व अन्य पंजीकरण कार्य प्रभावित रहे हैं। वहीं, सदर तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता का कहना है कि आए दिन सर्वर खराब हो जाता है। रजिस्ट्री दफ्तर में पक्षकारों के लिए बैठने तक की सुविधा नहीं है।