फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: शादी के नाम पर 1.10 लाख रुपये हड़पने का आरोप, महिला समेत तीन पर रिपोर्ट

Thu, 20 Aug 2026 01:59 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव अतरासी निवासी युवक ने गांव के ही दो लोगों पर शादी कराने के नाम पर 1.10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि शादी के करीब दो सप्ताह बाद महिला अपने भाई के पैर टूटने की बात कहकर बरेली गई और वहां से वापस नहीं लौटी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन




गांव अतरासी निवासी सुनील कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मई में गांव के सत्यपाल और प्रवीण उर्फ भोला ने उसे विधवा महिला से शादी करने का प्रस्ताव दिया था। दोनों ने महिला की उम्र करीब 35 वर्ष और उसके तीन बच्चे होने की जानकारी दी। शादी कराने के एवज में 1.10 लाख रुपये की मांग की गई। तीन जून की सुबह सुनील ने गांव के सत्यपाल और प्रवीण उर्फ भोला को नखासा थाना क्षेत्र के गांव अतौरा निवासी संजय और गणेश की मौजूदगी में 1.10 लाख रुपये दे दिए।



आरोप है कि इसके बाद दोनों उसे बरेली के सैटेलाइट बस अड्डे पर ले गए, जहां महिला को बुलाया गया। बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि वह विधवा है और उसके तीन बच्चे हैं, जो शादी के बाद उसके साथ रहेंगे। सुनील के सहमत होने के बाद शादी कराने वाले लोगों ने महिला के लिए खरीदारी कराने की बात कही। सुनील के मुताबिक उसने महिला को चांदी का पेंडेंट, पायल और सोने की अंगूठी भी दी।
विज्ञापन

इसके बाद महिला और उसके तीन बच्चों को लेकर वह अपने गांव आ गया। शिकायतकर्ता के अनुसार महिला करीब 13-14 दिन तक उसके घर में रही। 16 जून को उसने अपने भाई के पैर टूटने की बात कहते हुए बरेली जाने की इच्छा जताई। 18 जून को सुनील महिला को लेकर बरेली के सैटेलाइट बस अड्डे पहुंचा। महिला ने खाना खाने की बात कहकर सुनील को सामान के पास बैठने के लिए कहा और खुद चली गई। कई घंटे इंतजार के बाद भी वह वापस नहीं लौटी। सुनील ने शादी कराने वाले लोगों से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। रुपये वापस मांगने पर भी आरोपी टालमटोल करते रहे।



क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पीड़ित की तहरीर के आधार पर गांव अतरासी निवासी सत्यपाल, प्रवीण उर्फ भोला और सुनीता देवी के खिलाफ शादी के नाम पर ठगी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें