सिरसी। सिरसी में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटवाने पहुंची टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। यहां लोगों ने प्रशासन पर भेदभाव और बार-बार परेशान करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थाई और अस्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।
सिरसी में हाईवे पर सड़क संकीर्ण होने और डिवाइडर की वजह से जाम की समस्या बनी रहती है। इसी समस्या से निपटने के लिए एक महीने पहले पीडब्ल्यूडी ने हाईवे पर अवैध अतिक्रमण को चिह्नित किया था। साथ ही मकान और दुकान स्वामियों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार अनुज कुमार की अगुवाई में पीडब्ल्यूडी और नगर पंचायत की टीम अतिक्रमण हटवाने पहुंची।
अतिक्रमण को हटाने की शुरुआत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ग्राउंड के सामने स्थित दुर्गा मंदिर के पास से हुई। टीम ने जेसीबी से दुकानों और घरों के आगे पड़े स्लैब, छज्जों को तोड़ना शुरू कर दिया। ये देख लोग विरोध में उतर आए। लोगों ने प्रशासन पर बार-बार परेशान करने और भेदभाव का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि प्रशासन एक बार में अतिक्रमण चिह्नित करें और हटवाए। बार-बार अतिक्रमण हटाने के नाम पर उन्हें परेशान न किया जाए। प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए मकान और दुकानों की छज्जे, स्लैब, टीन शेड आदि को तोड़ दिया। ऐसे में कई लोगों खुद ही अतिक्रमण हटाते नजर आए। इस दौरान थाना प्रभारी अनुज कुमार तोमर, पीडब्ल्यूडी के जेई विवेक बंसल मौजूद थे।