चंदौसी। तहसील चौराहे पर 40 लाख रुपये की लागत से बनाए गए ओपन जिम पार्क का एक साल बाद भी लोकार्पण नहीं हो सका। पार्क में घास उग आई है। पार्क में लगाए गए पौधे भी सूख गए हैं। मुख्य गेट पर ताला लटका रहता है और बाहर रेहड़ी और ठेले वालाें ने अतिक्रमण कर लिया है।
चंदौसी तहसील चौराहे पर विनियमित क्षेत्र की ओर से बच्चाें के खेलने के लिए एक साल पहले ओपन जिम पार्क बनाया गया था। जिस पर करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए। पार्क में बच्चों को खेलने के लिए झूले लगाए गए। इसके अलावा बैठने के लिए बैंच, झोपड़ी आदि की व्यवस्था की गई। पार्क की खूबसूरती बढ़ाने के लिए पेड़, पौधे और घास लगाई गई। रात में रोशनी के लिए सोलर लाइटें भी लगाई गईं। वहीं वन विभाग के कार्यालय के पास भी एक पार्क बनाया गया। इसका भी सौंदर्यीकरण किया गया। आई लव यू माई चंदौसी का आकर्षक बोर्ड भी लगाया गया, ताकि लोग यहां फोटो शूट कर सकें। लेकिन अभी तक इन पार्कों का लोकार्पण नहीं हो पाया है। लोकार्पण के इंतजार में पार्क बदहाल होने लगे हैं। रखरखाव न होने की वजह से पेड़ पौधे सूख गए हैं। पार्क में बड़ी-बड़ी घास उग आई है। पार्क के आसपास गंदगी के ढेर लग चुके हैं। बाहर रेहड़ी और ठेले वालों ने अतिक्रमण कर लिया है। इसके बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बच्चों और बड़ों की सुविधा के लिए बनाया गया, यह पार्क अनुपयोगी साबित हो रहा है।
-
वर्जन
पार्क का लोकार्पण अभी तक क्यों नहीं हुआ, इसकी जानकारी की जाएगी। जल्द ही पार्क का लोकार्पण कर उसे पहले की तरह व्यवस्थित कराएंगे। -नीतू रानी, एसडीएम चंदौसी