संभल। कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर में शनिवार की शाम दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में गोविंदपुर निवासी शकील अहमद (30) की मौत हो गई। जबकि उसके भाई शफीक और अहमद रजा और हैबतपुर निवासी दूसरी बाइक सवार मोहम्मद हुसैन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गोविंदपुर निवासी शकील अहमद शनिवार दोपहर अपने भाई शफीक और अहमद रजा के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जोगीपुर गए थे। तीनों एक बाइक पर सवार थे और हेलमेट भी नहीं लगाए थे। शाम करीब चार बजे रिश्तेदारी से घर लौटते समय गांव भवानीपुर में गांव हैबतपुर निवासी मोहम्मद हुसैन की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
मृतक के चाचा मोहम्मद गुफरान ने बताया कि शकील की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि शफीक और अहमद रजा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शफीक की हालत गंभीर देख उसे रेफर किया गया है।
वहीं, इस हादसे में दूसरी बाइक पर सवार मोहम्मद हुसैन निवासी हैबतपुर भी घायल हुआ है। वह भवानीपुर से दवाई लेकर अपने घर लौट रहे थे।
मृतक शकील अपने परिवार में सबसे बड़ा था और केरल में रहकर सैलून चलाता था। दो माह पहले अमरोहा जिले के गांव हसनपुर कलां निवासी तबस्सुम के साथ उसका निकाह हुआ था। जिसके बाद से वह घर ही था। लेकिन शनिवार को हादसे में शकील की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी तबस्सुम का रो-रोकर बुरा हाल था।
कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल
बहजोई। गांव भवन के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गांव रंपुरा निवासी युवक भूप सिंह घायल हो गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।