बहजोई। ट्रक की टक्कर से सड़क पार कर रहे बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली। इस बीच मौके पर भीड़ रही। वहीं जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इंकार किया।
बुधवार को मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव पाठकपुर में बहजोई की ओर से बबराला की ओर जा रहे एक ट्रक ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर जबर्दस्त थी। कुछ ही देर में बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा देख आसपास लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जेब से मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक की शिनाख्त 70 वर्षीय आगेली पुत्र मुस्ताक खां निवासी गांव गढ़ी-बिचौला थाना धनारी के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक परिजनों की ओर से किसी भी कार्रवाई को लेकर इंकार किया गया। इस पर मृतक बुजुर्ग का शव परिजनों को सौंप दिया गया।