मुरादाबाद। आगामी त्योहार, कांवड़ यात्रा और बरसात को देखते हुए नगर निगम के सभी अधिकारियों को 24 घंटे अपना मोबाइल नंबर चालू रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया है।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिल रही है कि अधिकारी व कर्मचारी सार्वजनिक अवकाश दिवसों में और कार्यालय के दिनों में भी फोन बंद रखते हैं या नहीं उठाते हैं। साथ ही कार्यालय बिना सक्षम अधिकारी को जानकारी दिए बिना छोड़ दिया जाता है। इसे अनुशासनहीनता माना गया है।
उन्होंने आदेश जारी कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर दो दिन में उपलब्ध कराने और सीयूजी सहित व्हाट्सएप को 24 घंटे अनिवार्य रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर मोबाइल नहीं रिसीव होता है तो 15 मिनट में कॉल बैक किया जाए। अगर ऐसा नहीं होता है और नंबर बंद मिलता है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो