संभल। बेटियों की शिक्षा के लिए सरकार ने एक और पहल की है। अब दो बेटियां एक साथ किसी निजी स्कूल में भी पढ़ेंगी तो परिजनों को एक ही बेटी की फीस देनी होगी। इस योजना की प्रक्रिया बेसिक शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। जल्द इस प्रक्रिया को लागू कर दिया जाएगा। फिलहाल खंड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। इस योजना को जल्द लागू किया जाना है। इससे शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होने की उम्मीद है। यह व्यवस्था सभी निजी स्कूलों में लागू रहेगी। इससे परिजनों का भार भी कम हो जाएगा।
जिले में मान्यता प्राप्त 653 निजी स्कूल हैं। इन स्कूल में पहली से कक्षा आठ तक यह सहूलियत मिलेगी। दो सगी बहनें यदि एक ही निजी स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं तो उनमें से एक की फीस माफ की जाएगी। यह पहल नववर्ष की सौगात के रूप में सामने आई है।
बेसिक शिक्षा विभाग को यह योजना लागू कराने के लिए आदेश मिल चुका है। इसकी तैयारी भी की जा रही है। फिलहाल स्कूल बंद हैं तो योजना को लागू नहीं किया गया है। 16 जनवरी के बाद जैसे ही स्कूल खुलते हैं तो उम्मीद है यह योजना लागू करा दी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि यह व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है।
किसी स्कूल प्रबंधन को है आपत्ति तो सरकार देगी फीस
दो सगी बहनों में से एक की शिक्षा की फीस यदि कोई स्कूल प्रबंधन माफ नहीं करना चाहता है तो उसका खर्च सरकार अदा करेगी। ऐसा निर्णय भी लिया गया है लेकिन यह व्यवस्था जल्द लागू की जानी है। यदि इस व्यवस्था को लागू नहीं किया गया तो स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि किसी स्कूल प्रबंधन को आपत्ति है तो वह इसकी जानकारी दें। एक बेटी की फीस सरकार अदा करेगी।