संभल। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि उनकी पार्टी संभल ही नहीं पूरे प्रदेश की 80 सीट पर जीत हासिल करेगी। तीसरी बार नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। आगे कहा कि संभल के सांसद को तो भारत माता की जय कहने में भी परेशानी होती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि जय श्री राम के नारे से ही अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन गया और धारा 370 हट गई।
आगे सवालिया लहजे में कहा कि कांग्रेस के राज में ऐसा होना मुमकिन था क्या। आगे कहा कि जो गरीब और किसानों को योजनाओं के लाभ मिल रहे हैं वह नहीं मिलते। इसलिए कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है। प्रेसवार्ता के दौरान डिप्टी सीएम ने नया नारा देते हुए कहा कि 24 घंटे, 24 कैरेट, 24 की तैयारी है। पूरा भारत मोदीमय है, फिर मोदी की तैयारी है।
डिप्टी सीएम से सवाल किया गया कि वर्ष 2019 में मुरादाबाद मंडल में काफी कमजोर स्थिति रही थी। किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। डिप्टी सीएम ने जवाब देते हुए कहा कि इस बार मंडल में मजबूत स्थिति रहेगी। संभल और मंडल की सभी सीटों पर जीत मिलनी तय है। सपा पर तंज करते हुए कहा कि उनका इस चुनाव में खाता भी नहीं खुलने वाला है। यादव जाति को साधते हुए कहा कि यादव जाति को सपा, बसपा और कांग्रेस वोट बैंक समझते हैं। जबकि यादव राष्ट्रवादी और मोदीवादी हैं। इस लोकसभा चुनाव में वह दिखा भी देंगे।