चंदौसी (संभल)। उत्तर भारत के सबसे बड़े गणेशोत्सव का आगाज बृहस्पतिवार की शाम होगा। मेले में लाखों लोग जुटेंगे। सात सितंबर को रथयात्रा निकाली जाएगी। पुरानी परंपरा के अनुसार पांचों धर्म के प्रतिनिधि मेले का शुभारंभ करेंगे। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। नगर पालिका, बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपनी तैयारी दुरूस्त कर ली गई है।
मेला गणेश चौथ पांच से 25 सितंबर तक चलेगा। सात सितंबर को भगवान गणेश की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। बुधवार को गणेश मंदिर में गजानन के अलावा अन्य देव प्रतिमाओं के शृंगार का कार्य तेजी से होता नजर आया। गणेश मंदिर को बिजली की विशेष झालरों व लाइटों से सजाया गया है। शाम के समय रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर भव्य नजर आया। मेले में अनेक प्रकार के झूले, मनोरंज के अन्य साधनों के अलावा चांट-पकौड़ी की दुकानें भी सज गई हैं। मेला कमेटी उपाध्यक्ष मनोज कुमार मीनू ने बताया कि गणेश मंदिर और गणेश मेला परिसर में सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
रथयात्रा में शहर में उमड़ेगा जनसैलाब
गणेश चतुर्थी पर सात सितंबर को भगवान गजानन की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा में जनसैलाब उमड़ता है। इस रथयात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट है। सुरक्षा और व्यवस्था को दुरूस्त करा जा रहा है। रथयात्रा में शामिल झांकियां में लगभग 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। झांकी बनाने में करीब 150 कारीगर कार्य कर रहे हैं। इसके लिए कारीगर पिछले तीन माह से प्रतिदिन काम कर रहे हैं। कारीगर सात सितंबर की सुबह तक कार्य पूरा कर लेंगे। झांकी बनाने में हीरालाल, विक्की चौधरी, अरुण कुमार, राजीव कृष्णा, पुनीत वाष्र्णेय, सुशील अग्रवाल, मोहनलाल, पूसी बाबा, यश अग्रवाल, शुभम अग्रवाल कारीगर शामिल है।
000000000000
डीएम और एसपी ने किया मेला ग्राउंड का निरीक्षण
बुधवार को डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने मेले ग्राउंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क पर दुकानें नहीं लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी निकास के लिए बनाए गए गेटों का भी निरीक्षण किया। साथ ही वाहनों के लिए पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्था और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। जिससे कोई अव्यवस्था न फैल सके।
0000000000000
ग्राउंड में बने स्तंभ में विराजमान होंगे गजानन
गणेश मंदिर से फूलडोल यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें छोटी गणेश प्रतिमा को गाजे बाजे के साथ मेला ग्राउंड तक लेकर जाया जाएगा और ग्राउंड में बने गणेश स्तंभ के नीचे मंदिर में प्रतिमा को रखा जाएगा। यह प्रथा बीते 13 वर्षों से चली आ रही है। मेले के दौरान गणेश स्तंभ पर पुजारी द्वारा सुबह शाम गणेश प्रतिमा की आरती की जाएगी। साथ ही मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मेले में दुकानदार द्वारा भी प्रतिदिन गणेश प्रतिमा की पूजा अर्चना की जाती है। मेले समापन के बाद प्रतिमा को वापस मंदिर में पहुंचा दिया जाता है।
0000000000
मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी करेगी ड्यूटी
मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मुस्तैद रहेगी। चंदौसी सीएचसी के प्रभारी डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि टीम में एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट के साथ अन्य स्टाफ की तैनाती की गई है। टीम की ड्यटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक रहेगी। एंबुलेंस को मेला परिसर के नजदीक खड़ा किया जाएगा। सीएचसी में भी व्यवस्थाओं को दुरूस्त रखा जाएगा। रथयात्रा के दौरान अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। स्टाफ रथयात्रा के साथ एंबुलेंस में सवार रहेगा।
0000000000000