सरायतरीन (संभल)। गांव बल्लमपुर में स्थित मध्य गंगा नहर पर पुल निर्माण न होने से राहगीरों व स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिससे ग्रामीणों में रोष है। बुधवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर नहर पर पुल बनवाने की मांग की।
गांव बल्लमपुर निवासी बिशन लाल यादव ने बताया कि गांव के नजदीक में मध्य गंगा नहर बनी हुई है। पानी निकासी के लिए सिर्फ पुलिया डाल दी गई है, जिससे पानी चल रहा है, लेकिन मध्य गंगा नहर विभाग की ओर से अभी तक पुल का निर्माण नहीं कराया गया है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। कई बार अवर अभियंता से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। ई-रिक्शा और ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलते समय हादसा होने की आशंका बनी रहती है। जबकि कई बाइक सवार निकलते समय हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। बरसात के मौसम में रास्ते की हालत और भी ज्यादा खराब हो जाती है। ऐसे में मध्य गंगा नहर पर यदि पुल निर्माण हो जाए तो आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस दौरान भोले शंकर यादव, मलखान सिंह, गोविंद सिंह, जेपी यादव, राकेश यादव, मुकेश यादव, ओमपाल, फरियाद, यूसुफ, यूनुस, सुरेंद्र सिंह, जसवीर यादव, नरेश पाल, कल्लू सिंह, ऋषिपाल आदि रहे।
कोट
गांव बल्लमपुर के नजदीक से मध्य गंगा नहर के नाला के कुछ हिस्से पर ग्रामीणों द्वारा ही अवैध कब्जा किया गया है। चंदौसी के उप जिलाधिकारी को यह जानकारी दे दी है। अवैध कब्जा हटाने के बाद आने जाने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी। - दिनेश कुमार, सहायक अभियंता, खंड-8 बुलंदशहर