चंदौसी (संभल)। कुढ़फतेहगढ़ के गांव रीठ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे संवाद टीम पहुंची तो आरोग्य मंदिर में न डॉक्टर थे और न ही फार्मासिस्ट नजर आए। मौके पर सिर्फ स्वीपर मौजूद था। स्थिति ये है कि परिसर में पशु बंधे थे।
भवन की स्थिति भी ठीक नहीं है। केंद्र की चहारदीवारी टूटी होने के कारण परिसर में पशु बंधे हुए मिले। एक कमरे में भूसा भरा था, जबकि दूसरे कमरे के बाहर बरामदे में ठेली खड़ी मिली। भवन की इस स्थिति से सरकारी संपत्ति के रखरखाव और उसके उपयोग पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोग्य मंदिर में डॉक्टर और अन्य स्टाफ के नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने के कारण उन्हें इलाज के लिए भटकना पड़ता है। मामूली बीमारी होने पर भी चंदौसी या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से केंद्र पर नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, बाउंड्रीवॉल की मरम्मत कराने और भवन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसका उचित उपयोग सुनिश्चित कराने की मांग की है।
वर्जन
रीठ में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वीपर और वार्ड बॉय की तैनाती है। वार्ड बॉय रविवार को ड्यूटी करने के बाद एक दिन का अवकाश लेता है। कुढ़फतेहगढ़ पीएचसी में तैनात डॉक्टर की सप्ताह में तीन दिन रीठ और तीन दिन कुढ़फतेहगढ़ में ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित डॉक्टर पहले छुट्टी पर थे और एक-दो दिन पहले ही लौटे हैं। मंगलवार को वह पीएचसी रीठ क्यों नहीं पहुंचे, इसकी जानकारी की जाएगी। - डॉ. विश्वास अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ