संभल। नगर पंचायत सिरसी के मोहल्ला चौधरियान में एपीजे अब्दुल कलाम खेल मैदान के सामने वाली गली के लोग बिजली समस्या को लेकर परेशान हैं लेकिन बिजली निगम समाधान कराने के लिए गंभीर नहीं दिख रहा है। आलम यह है कि आये दिन जर्जर बिजली का तार टूटने से 50 परिवार दिक्कतों से जूझने के लिए मजबूर हैं।समस्या को लेकर परेशान लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यहां पर करीब सात खंभों की जरूरत है लेकिन सिर्फ दो खंभे लगे हैं। एलटी लाइन के तार जर्जर हालत में है जो अकसर टूट जाते हैं। रात के वक्त तार टूटने पर ज्यादा परेशानी होती है। लोगों ने आरोप लगाया कि तार टूटने पर चंदे से रुपये जमाकर लाइनमैन को देने पड़ते हैं, तब जाकर बिजली आ पाती है।
लोगों ने कहा कि जर्जर तार से कभी भी हादसा हो सकता है। रास्ते से लोगों के अलावा स्कूली बच्चे भी गुजरते हैं, फिर भी विभाग न तो खंभे लगवा रहा है और न ही जर्जर तार को बदलने की कार्रवाई कर रहा है। लोगों ने पूरे मामले को लेकर बिजली निगम के अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र भेजा है। जिसमें कहा कि 50 परिवार समय से बिल जमा करते हैं। ऐसे में समस्या का स्थाई समाधान कराया जाए। इस दौरान दिनेश चंद्रा, कैलाश सिंह, चंद्रपाल, सुखीराम, जोगिंद्र, कल्लू, वीरपाल, वेदराम, डब्लू, अनीता, मीरा, रोशन देवी आदि रहे।
- एक महीने में कई बार तार टूट जाता है। खंभे और तार को लेकर कोई सुनवाई नहीं होती है। इस समस्या का स्थाई समाधान कराया जाना चाहिए। -चंद्रपाल
- महीने में चार पांच बार तार टूट जाता है, जिस वजह से परेशानी होती है। खंभे भी नहीं लगाए जा रहे हैं। तार टूटता है तो लाइनमैन पैसे लेता है। -मोनिया
-आए दिन तार टूटने के कारण परेशानी होती है। एक महीने में चार पांच बार टूट जाता है। इस समस्या का स्थाई समाधान होने पर ही राहत मिलेगी। -अनीता
-मोहल्ले में खंभे नहीं लगाए जा रहे। तार टूटने के कारण बिजली गायब हो जाती है। गर्मी के माहौल में परेशानी होती है। -ओमवती
वर्जन-
.सिरसी में जिस स्थान पर बिजली समस्या है वहां का मौका मुआयना कराएंगे। समस्या का जल्द ही समाधान कराया जाएगा।
-नवीन गौतम, अधिशासी अभियंता बिजली निगम संभल