संभल। यातायात पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर बाइक और ई-रिक्शा चलाते नौ नाबालिग पकड़े। पुलिस ने उनके वाहनों को सीज दिया। जबकि यातायात नियमाें का उल्लंघन करने पर 110 वाहनों के चालान किए गए।
सरकार ने नाबालिगों के बाइक और स्कूटी चलाने पर रोक लगा दी है। आदेश का पालन कराने के लिए रविवार को नगर में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने बाइक और स्कूटी चलाते नौ नाबालिगों को पकड़कर उनके वाहनों को सीज कर दिया। जबकि उनके परिजनों को सख्त हिदायत दी कि यदि नाबालिगों को वाहन न दें। यातायात प्रभारी अनुज मलिक ने बताया कि इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन करने में 110 वाहनों के चालान भी किए गए। अवैध रूप से चल रहे जुगाड़ को थाना नखासा में एमवी एक्ट में सीज किया गया है। बताया कि नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग वाहन चलाते मिलने पर कार्रवाई की जानी तय है। बताया कि अभी तक 21 नाबालिग के खिलाफ वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। अवैध ई-रिक्शों के खिलाफ कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। नियमों की अनदेखी पर लगातार निगरानी कर कार्रवाई की जानी है।