कई स्थानों पर करेंसी न होने की वजह से बैंक की शाखाएं देरी से खुलीं। पब्लिक परेशान हालत में घंटों खड़ी रही।
संभल जिले की सिरसी में दोपहर एक बजे के करीब प्रथमा बैंक के बाहर कतार में खड़े लोग आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि तीन दिन से रोज आ रहे हैं पर कैश नहीं मिल पा रहा है। आक्रोशित लोगों ने मुरादाबाद-संभल मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाया और एक घंटे में करेंसी मंगवाने का भरोसा देकर जाम खुलवा दिया। वहीं फतेहउल्ला सराय में 11 बजे लोगों ने जाम लगाया। आधा घंटे तक जाम रहा। हसनपुर रोड में यातायात बाधित हुआ। करेंसी मंगवाने का आश्वासन देकर कोतवाली की पुलिस ने जाम खुलवाया गया।
प्रथमा बैंक की शाखाओं से निराश हो रही पब्लिक, भटक रहे किसान
संभल। कैश कम आने से प्रथमा बैंक की शाखाओं में ग्राहक परेशान हैं। सलारपुर की प्रथमा बैंक में 13 दिन में मात्र 50 हजार रुपये आए। सैकड़ों किसान रुपये की आस में रोजाना बैंक के बाहर कतार लगते हैं और निराश लौट जाते हैं। प्रथमा बैंक की फतेहउल्लासराय शाखा सोमवार को 11 बजे नहीं खुली।
पल्बिक बाहर कतार में लगी है। बैंक के स्टाफ का कहना है कि कैश नहीं है। बैंक खोलकर क्या करें। जनेटा, नूरियोसराय और संभल की प्रथमा बैंक में भी लोग परेशान नजर आए। इन ब्रांचों में सुबह आठ बजे से ही भीड़ लग गई थी। लोगों का कहना है कि रोजाना आते हैं और लौट जाते हैं। सिंहपुरसानी की प्रथमा बैंक में कैश कम आया है। पब्लिक परेशान रही। प्रथमा बैंक सरायतरीन में दोपहर एक बजे तक कैश नहीं था। पब्लिक इंतजार कर रही थी।
संभल। आर्य समाज रोड पर स्थित बैंक शाखाओं पर करेंसी एक्सचेंज व विड्राल के लिए आए लोगों को महिला दरोगा के डंडों का सामना करना पड़ा। हंगामे के हालात पर महिला दरोगा ने कई बार डंडा चलाया।
आर्य समाज रोड पर स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा बैंकों की शाखाएं हैं। लोग सुबह होते ही आर्य समाज रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंकों पर करेंसी एक्सचेंज के लिए जमा होने लगते हैं। लोगों की भीड़ अधिक होने के चलते बैंकों के बाहर हंगामा होता रहता है। सोमवार को जैसे ही बैंक खुली तो लोगों ने बैंक के अंदर जाने के लिए हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर खड़ी एक महिला दारोगा ने भीड़ पर डंडा चलाया।