अभी तक जिले के सभी स्कूल खुले हुए थे। लेकिन अब दो जनवरी तक इंटरमीडिएट तक के सभी बोर्ड के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। तीन जनवरी को स्कूल खोले जाएंगे।
गुरुवार को घने कोहरे के बीच शुरू हुई कड़ाके की सर्दी को देखते हुए जिलाधिकारी भूपेंद्र एस. चौधरी ने कक्षा एक से इंटर तक विद्यार्थियों के लिए दो जनवरी 2017 तक के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। प्रभारी जिलाधिकारी/एडीएम आरपी सिंह यादव ने बताया कि जिलाधिकारी से अनुमति के बाद जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक स्कूलों एवं इंटरमीडिएट तक के कालेजों में दो जनवरी-2017 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय कड़ाके की सर्दी में बच्चों की दिक्कतों को देखते हुए लिया गया है। छुट्टियों की घोषणा से जहां टीचरों को राहत मिली है। वहीं अब अभिभावक भी स्कूल की चिंता से दूर रहकर अपना न्यू ईयर सेलिब्रेट कर पाएंगे।
कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल, धीमी हुई रफ्तार
चंदौसी। कई दिनों की धूप के बाद अचानक कोहरा उतर आया है। कोहरे ने हाईवे पर वाहनों की रफ्तार को भी ब्रेक लगा दिया है। दिन में भी हेड लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। इतना ही नहीं ट्रेनों की चाल पर कोहरे का असर पड़ा है। कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
कोहरे ने अपना कहर बरपाया तो जन जीवन प्रभावित हो गया। गुरुवार को सुबह से ही ठंड के साथ गलन थी। दिन भर बादल छाए रहे। धूप नहीं निकली। बाजार में भी खरीदारी हल्की ही रही। बरेली-अलीगढ़ और अलीगढ़-बरेली पैसेंजर ट्रेन को कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक एचएल राना ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा। देहरादून-इलाहबाद और इलाहबाद-देहरादून लिंक एक्सप्रेस गुरुवार को रद्द रही।
कोहरे में तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक को मारी टक्कर, दो घायल
असमोली। असमोली थाना क्षेत्र के गांव चंदवार की मढै़या निवासी उम्रदराज पुत्र सिराज अहमद तथा गुलाम नबी पुत्र खां साहब गुरुवार को खरीदारी करके संभल से घर लौट रहे थे। संभल जोया मार्ग पर नगला फैक्ट्री के सामने तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मैजिक छोड़कर फरार हो गया। असमोली पुलिस ने मैजिक को अपने कब्जे मे ले लिया। घायलों को जिला चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया है ।