बहजोई। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने में लापरवाही समाने आने पर डीएम ने चार बीडीओ और एमओआईसी को चेतावनी पत्र जारी किया है।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि बीते 6 जुलाई व 8 सितंबर को मुख्य विकास अधिकारी की ओर से पत्र जारी कर जिले भर के चिकित्सा अधीक्षकों व खंड विकास अधिकारियों को गोल्डन कार्ड बनाने को लेकर निर्देश जारी किया गया था।
इसमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयोजित किए जाने वाले शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने थे। साथ ही अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराते हुए ग्राम पंचायतों को गोल्डन कार्ड से संतृप्त किया जाए।
डीएम ने बताया कि 27 सितंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक सामने आया कि विकासखंड रजपुरा, जुनावई, गुन्नौर व बहजोई में गोल्डन कार्ड बनाए जाने को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
उन्होंने बताया कि गोल्डन कार्ड बनाए जाने को लेकर लापरवाही बरते जाने समेत उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की गई है। इसे लेकर विकासखंड रजपुरा, जुनावई, गुन्नौर व बहजोई के चिकित्सा अधीक्षकों समेत खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर कठोर चेतावनी दी गई है।