चंदौसी। नीट की परीक्षा रविवार को जिले के चार केंद्रों पर होगी, जिसके लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। परीक्षा के लिए तीन केंद्र चंदौसी और एक बहजोई में बनाया गया है। नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर निगरानी, पहचान सत्यापन और सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए गए हैं। वहीं अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी कर परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू कराई जा सके।
रविवार को होने वाली नीट परीक्षा के लिए जिले के चारों परीक्षा केंद्रों पर 1851 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इनमें एसएम इंटर कॉलेज में 480, नानक चंद्र आदर्श इंटर कॉलेज में 480 और चंदौसी इंटर कॉलेज चंदौसी में 411 और हीरा देवी तोताराम इंटर कॉलेज बहजोई में 480 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सिटी कोऑर्डिनेटर राकेश कुमार दिवाकर परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी केंद्रों पर आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर कड़ी निगरानी रहेगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कैलकुलेटर समेत किसी भी प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी परीक्षा कक्ष सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रत्येक कक्ष में सीमित संख्या में अभ्यर्थियों को बैठाया जाएगा। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें और साइबर कैफे बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और निष्पक्ष बनी रहे।
नीट परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे संपन्न होगी। परीक्षा केंद्रों के द्वार सुबह 11 बजे खोल दिए जाएंगे, जबकि अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। इस वजह से अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों का सत्यापन किया जाएगा और परीक्षा कक्ष में जाने से पहले बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
.