शारदीय नवरात्र के नौवें दिन मां भगवती के आठवें स्वरूप मां महागौरी का विधि विधान से पूजन अर्चन हुआ। मंदिरों में मां भगवती की पूजा अर्चना के लिए ब्रह्ममुहर्त में ही लंबी कतारें लग गईं। देर रात तक मंदिरों में महाआरती के आयोजन हुए।
मौलागढ़ स्थित मां कंकाली मंदिर की पूजा अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी नजर आईं। हर तरफ मां की भक्ति में डूबे भक्तों का नजारा दिखा। जयकारों से माहौल ममतामय हो गया। देर शाम आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर उपवास खोला।
श्रीराम बाग धाम स्थित मां सिद्धिदात्री नवदुर्गा देवी धाम पर महागौरी की पूजा अर्चना के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। दोपहर तक पूजा अर्चना की गई। दिन भर घरों में महिलाओं ने मां के छंद गाकर महिमा का गुणगान किया। देर शाम भक्तों ने मंदिर पहुंचकर मां की पूजा की। भव्य आरती में शामिल हुए। सीता रोड स्थित बगिया वाली माता मंदिर पर दिन भर पूजन अर्चन के बाद अष्टमी पर कन्याओं को भी जिमाया गया।