नसरीन के मिलने के बाद पूरा केस पहले से अधिक उलझ गया है। बड़ा और चौंकाने वाला सवाल यह है कि आखिर जो शव नसरीन का समझ कर दफना दिया गया वह किस युवती का था? फिलहाल बजीरगंज पुलिस युवती के बयान दर्ज कराएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ला कुरैशियान निवासी बुंदु अली की बेटी नसरीन की वजीरगंज थाना क्षेत्र के लहरा-हतरा गांव के बीच शव मिलने के बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। परिजनों ने नसरीन की मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की थी। घटना के करीब डेढ़ महीने के बाद नसरीन और उसके प्रेमी को नेपाल बार्डर से पुलिस ने पकड़ लिया है। नसरीन के जिंदा मिलने के बाद से खलबली मची हुई है। अब पुलिस नए सिरे से पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है। नसरीन और उसके प्रेमी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वजीरगंज पुलिस अब नसरीन के बयान दर्ज कराएगी। पहले नसरीन के बयान के बाद होने वाली कार्रवाई से सुलझती नजर नहीं आ रही है। महत्वपूर्ण सवाल तो नसरीन समझकर जिस युवती को दफना दिया गया है वह कौन थी? थानाध्यक्ष बजीरगंज नरेश कश्यप का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही आगे की कोई कार्रवाई की जा सकेगी।
-मैंने आज ही थाने का चार्ज लिया है। सुबह चार्ज लेने के बाद क्राइम मीटिंग में गया था। शाम के समय आया हूं। केस को रीड करने के बाद ही कुछ बता सकूंगा। हालांकि अभी तक हमने नसरीन के बयान कराने का निर्णय लिया है।
-नरेश कश्यप, थानाध्यक्ष, वजीरगंज।
------------
...तो सब नसरीन के परिजनों की साजिश है ?
-नसरीन की हत्या के लिए मुझ पर आरोप लगाए गए। पिछले डेढ़ महीनें से मैं और मेरा परिवार बुरी तरह से परेशान हैं। मानसिक रूप से हमें प्रताड़ित किया गया। हर पल अपनी बेगुनाही साबित करने के जतन में लगा रहा। मान सम्मान के साथ साथ आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है। यह सब नसरीन के परिजनों की साजिश है। मुझे आशंका है कि नसरीन के परिजनों ने ही अपनी बेटी जैसी लड़की को लाकर मारा है। और उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में कर केस को उलझाने की कोशिश की है। नसरीन के परिवार के खिलाफ तहरीर देंगे।
-अय्यूब, सैदपुर निवासी