गांव पुरा में दो पक्षों में मामूली विवाद को लेकर जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। इससे दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए।
बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरा स्थित एक ईंट-भट्ठे पर दो पक्षों के लोगों में विवाद हो गया। पहले तो कहासुनी हुई, बाद में जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। घायलों में एक पक्ष से नवी हसन, अफसर, कल्लू व अंसार अली निवासी गांव नेहटा थाना बनियाठेर व दूसरे पक्ष से देवनाथ, अनिल, कुलदीप व संदीप निवासी कोशांबी को मेडिकल परीक्षण व उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक एक पक्ष के लोग भट्ठे पर काम करते हैं। वहीं दूसरे पक्ष के लोग बुग्गी चलाते हैं। बुग्गी चलाने वाले पक्ष की ओर से भट्ठे पर से बुग्गी में भरकर फसल की तुर्री ले जा रहे थे। वहीं भट्ठे पर काम करने वाले पक्ष के लोगों की ओर से तुर्री ले जाने का विरोध किया गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि पूरे मामले में दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है।