मृतका हीरा देई उर्फ मंजू का फाइल फोटो।
- फोटो : CHANDAUSI
गुन्नौर/चंदौसी। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के बबराला कस्बे में रविवार की मध्यरात्रि के बाद करीब तीन बजे तीन लोगों ने एक पैथोलॉजी लैब की महिला टेक्नीशियन की गला दबाकर हत्या कर दी। तीनों ने महिला के आवास में घुसकर वहां मौजूद एक किशोर को किचन में बंद करने के बाद महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे। फिलहाल मृतकों के परिजनों ने हसनपुर (अमरोहा) निवासी लैब संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमरोहा जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र के करन खाल गांव निवासी अशोक कुमार राना पुत्र कलुवा व बिजनौर जिले के चांदपुर के मोहल्ला विवेकनगर सराय रफी निवासी हीरा देई उर्फ मंजू पुत्री नेतराम सिंह दोनों में 2017 से पहले चांदपुर की ही पैथोलॉजी लैब में एक साथ काम करते थे। बताते हैं कि इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध भी हो गए। 2017 में मंजू व अशोक राना ने मिलकर बबराला के इंद्रा चौक में अपनी निजी श्री पैथोलॉजी लैब स्थापित कर ली। दोनों अल्ट्रासाउंड भी करने लगे। लेकिन सालभर पहले एसडीएम के छापे में अशोक राना बिना किसी डिग्री के अल्ट्रासाउंड करता मिला तो अल्ट्रासाउंड सील कर दिया गया लेकिन एक्स-रे व पैथोलॉजी में रक्त परीक्षण आदि का कार्य लगातार जारी रहा। बताते हैं कि मंजू लैब के कुछ ही दूरी पर एक किराये के भवन में रहने लगी। लैब में काम करने वाले एक किशोर नरेंद्र कुमार भी उसके साथ रहता था। रविवार की रात करीब तीन बजे तीन लोग खिड़की तोड़कर मंजू के आवास में घुसे।
किशोर नरेंद्र को पकड़कर किचन में बंद कर दिया। उसके बाद मंजू की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपियों के भागने के बाद नरेंद्र ने अशोक राना को फोन पर सूचना दी तो उसने आसपास के लोगों को बताया तो दरवाजा खोलकर देखा गया। मंजू मृत पड़ी थी। नरेंद्र को किचन से बाहर निकाला गया। नरेंद्र के अनुसार तीन लोग घर में घुसे थे।
सूचना मिलने पर गुन्नौर कोतवाली पुलिस के साथ साथ सीओ सिद्धार्थ व एएसपी आलोक कुमार जायसवाल भी पहुंच गए। मृतका के भाई सोमवीर सिंह की तहरीर पर लैब संचालक अशोक कुमार राना के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्यारोपी अशोक राना को गिरफ्तार कर लिया गया है।