धनारी। क्षेत्र के गांव आर्थल में अवैध संबंधों के शक में सुबह करीब पांच बजे शौच को जाते समय पांच लोगों ने अधेड़ पर लाठी-डंडों से हमलाकर पैर में गोली मार दी। शोरशराबा सुनकर ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी अधेड़ को मरा समझकर फरार हो गए। अधेड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की बेटी श्रीवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिला के बेटे सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हंसराज की बेटी श्रीवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका घर गांव के बाहरी छोर पर है। थाना धनारी क्षेत्र के गांव आर्थल निवासी हंसराज सिंह (50) शनिवार की सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए जा रहा था। घर से निकलते ही गेट के पास गांव हिरोनी निवासी सुरेश, उसके दो दोस्त, सुरेश का मामा और एक अन्य ने उसके पिता को पकड़ लिया और खींचकर बाजरे के खेत में ले गए।
आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनके बाएं पैर में घुटने से नीचे गोली मार दी। उसने शोर मचा दिया। आसपास के लोग शोर सुनकर घटना की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें सीएचसी बहजोई में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल संभल रेफर कर दिया। अस्पताल से उन्हें मुरादाबाद भेज दिया गया। वहां उपचार के दौरान करीब दो बजे उनकी मौत हो गई। मृतक की बेटी श्रीवती ने पुलिस को दी तहरीर में थाना बहजोई के गांव पवोना निवास सुरेश, थाना रजपुरा के गांव हिरौनी निवासी छोटे, थाना बहजोई के गांव हसनपुर निवासी पंचम और नरेश, थाना धनारी के गांव बायभूड़ निवासी तालेवर को नामजद किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।