असमोली थाना क्षेत्र के पेली गांव में गुरुवार की रात खेत पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पड़ोसी खेत स्वामी किसान से बातचीत करने उसके ट्यूबवेल पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। शोर शराबा होने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा।
किसान के भाई की तहरीर पर देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पेली गांव निवासी रोहताश (50) पुत्र खजान सिंह सुबह अपने भाई राकेश से खेत पर जाने की बात कहकर घर से गया था। शाम को राकेश खेत पर गया तो रोहताश वहां पर थे। रात्रि करीब आठ बजे रोहताश का पड़ोसी खेत स्वामी मनोज उनके ट्यूबवेल पर पहुंचा तथा आवाज लगाई।
रोहताश नहीं बोले तो मनोज ने लिहाफ हटाया। चारपाई पर खून से लथपथ रोहताश का शव पड़ा था। यह देख उसकी चीख निकल गई। अन्य लोग इकट्ठा हो गए। रोहताश के सीने में गोली लगी थी। राकेश के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।